रायपुर। दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को बड़ी आर्थिक राहत दी है। राज्यों को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के तहत टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की गई है। इसमें छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये मिले हैं। इस राशि से प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन को आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है।
केंद्र के इस फैसले पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि त्योहार से पहले मिली इस राशि से राज्य में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से केंद्र सरकार का धन्यवाद भी किया।
टैक्स डिवोल्यूशन के तहत केंद्र सरकार अपने द्वारा जुटाए गए केंद्रीय करों का निर्धारित हिस्सा राज्यों को देती है। इसका बंटवारा वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर किया जाता है। राज्यों को मिलने वाली इस राशि का उपयोग सड़क, बुनियादी ढांचे, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए किया जा सकता है।
