दिल्ली में जूता कारखाने में आग लगने से 4 की मौत, 2 गंभीर घायल

Follow Us

नईदिल्ली । दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक जूते के कारखाने में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचावकर्मियों ने बताया कि सभी 6 लोग कारखाने के भीतर बेहोश अवस्था में मिले थे।पुलिस ने बताया कि रात 9:32 बजे औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने 20 दमकल गाडिय़ां मौके पर भेजीं।

सभी 6 पीडि़तों को तत्काल इलाज के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
6 में से 4 को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाकी 2 का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर है।
दमकल अधिकारी एडीओ पारस कुमार ने कहा, यह जूते बनाने का कारखाना है। यहां जूते बनाए और रखे जाते हैं। आग सबसे पहले तहखाने में लगी। हमने आग को तहखाने तक ही सीमित कर लिया और उसे आगे फैलने से रोका। हमने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढिय़ों से निकाला और 5 अन्य को चौथी मंजिल से बचाया। आग पूरी तरह बुझा दी गई है और शीतलन प्रक्रिया जारी है।