कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने एक साथ दो स्थानों पर दबिश देकर जांच शुरू की है। टीम ने कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए चर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले की जांच से संबंधित हो सकती है। हालांकि, छापेमारी के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी की टीमें दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज मिले हैं या अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं। EOW की कार्रवाई जारी होने की जानकारी है। छापेमारी का आधार, जांच का दायरा और संभावित बरामदगी को लेकर एजेंसी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आगे की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर नजर बनी हुई है।
