रायपुर में ईडी की दबिश, शराब घोटाला मामले में अनवर ढेबर के ठिकाने पर छापा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। चर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी अनवर ढेबर के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची। सुबह से जारी इस कार्रवाई से राजधानी में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी रायपुर में तीन से चार अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रहे हैं। अलग-अलग टीमों ने संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की है। कार्रवाई के दौरान अनवर ढेबर के आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षाबलों की तैनाती के बीच ईडी के अधिकारी घर के भीतर जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल छापेमारी किन तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। अब इस कार्रवाई के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों पर नजर बनी हुई है।