रेल पार्सल ऐप : अब घर बैठे बुक होगा रेल पार्सल, पिकअप से डिलीवरी तक ऑनलाइन सुविधा

Follow Us

*रेलवे की नई पहल, पहले चरण में 8 बड़े शहरों में लागू होगा ऐप –

रायपुर। भारतीय रेल ने पार्सल सेवा को आसान बनाने के लिए “रेल पार्सल ऐप – घर से घर तक” विकसित किया है। यह ऐप एंड्रॉइड, आईओएस और वेबसाइट तीनों पर उपलब्ध होगा। अब ग्राहकों को पार्सल लेकर रेलवे पार्सल कार्यालय जाने और कागजी औपचारिकता की जरूरत नहीं होगी। लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता ग्राहक के घर या प्रतिष्ठान से पार्सल उठाएंगे (फर्स्ट माइल), रेलवे ट्रेन से गंतव्य स्टेशन तक ले जाएगी (मिडिल माइल) और वहां से सेवा प्रदाता प्राप्तकर्ता के घर तक पहुंचाएंगे (लास्ट माइल)। एक ही ऐप पर पूरी घर-से-घर सेवा मिलेगी।

प्रारंभिक चरण में यह ऐप देश के 8 प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में लागू किया जाएगा, बाद में पूरे देश में विस्तार होगा।रेलवे के अनुसार लॉजिस्टिक्स कंपनियां FBD पोर्टल के वर्चुअल एग्रीगेशन प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगी। इससे छोटे व्यापारियों, किसानों, ई-कॉमर्स विक्रेताओं को किफायती, पारदर्शी और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी और रेल पार्सल व्यवसाय में वृद्धि होगी।

ऐप की प्रमुख विशेषताएं –

– ऑनलाइन बुकिंग : मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर पार्सल विवरण, प्रस्थान-गंतव्य स्टेशन दर्ज कर बुकिंग, पसंद का डिलीवरी पार्टनर चुनने का विकल्प।
– घर से पिकअप-डिलीवरी : पिकअप और डिलीवरी वैकल्पिक, समय-स्लॉट देखने और पैकिंग-भंडारण जैसी अतिरिक्त सेवा का विकल्प।
– कागज रहित प्रक्रिया : ऐप पर दर्ज विवरण ही डिजिटल फॉरवर्डिंग नोट, फिजिकल वे-बिल की जरूरत नहीं, डिजिटल रसीद और ओटीपी मान्य।
– एक ही भुगतान : रेल भाड़ा, पिकअप-डिलीवरी शुल्क का एक साथ यूपीआई, कार्ड, नेट बैंकिंग से भुगतान।
– रियल-टाइम ट्रैकिंग : 10 अंकों का ट्रैकिंग नंबर, लोडिंग, गंतव्य पर पहुंचने और डिलीवरी की ऑटो सूचना।
– सुरक्षित डिलीवरी : ओटीपी आधारित सत्यापन और बीमा का विकल्प।

बुकिंग नियम – ट्रेन प्रस्थान से 15 दिन पहले से 1 दिन पहले तक बुकिंग, पिकअप से पहले रद्द करने पर नियमानुसार रिफंड। यदि लास्ट माइल नहीं चुना तो निःशुल्क अवधि में गंतव्य स्टेशन से पार्सल लेना होगा। ज्वलनशील, विस्फोटक और प्रतिबंधित वस्तुओं की बुकिंग नहीं होगी।