रांची। झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को दिनभर बारिश हुई, जबकि गुरुवार सुबह से राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक बारिश की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और चतरा समेत कई जिलों में बारिश का प्रभाव बना हुआ है। वहीं, कोल्हान क्षेत्र के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी से अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों में जाने से भी परहेज करने को कहा गया है।
आतंकवाद से निपटने का अनुभव आसियान देशों से साझा करेगा भारत : राजनाथ सिंह
पिछले 24 घंटे के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में सबसे अधिक 49.82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चांडिल में 45.43 मिमी, घाटशिला में 35.64 मिमी, धालभूमगढ़ में 28.45 मिमी और नामकुम में 19.86 मिमी बारिश हुई। इस दौरान जमशेदपुर के शहरी क्षेत्र में 10.29 मिमी और रांची के शहरी क्षेत्र में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24.2 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। लातेहार में अधिकतम तापमान में 8.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, दुमका में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है। 31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसका प्रभाव 30 अक्टूबर के बाद झारखंड में दिखाई दे सकता है। इसके कारण 2 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
CG Crime: पैंगोलिन तस्करी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 14 किलो शल्क बरामद
