रायपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को “सार्वजनिक खरीद एवं परिवर्तन : सतर्कता के परिप्रेक्ष्य में”, इस विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पारदर्शिता, ईमानदारी, जवाबदेही एवं भ्रष्टाचार निवारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अपने स्वागत उद्बोधन में वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक सुरेश चंद्रा ने विजिलेंस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान -2026 के तहत किए गए कार्यों पर प्रेजेंटेशन दिया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तरुण प्रकाश,महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” सुशासन, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि प्रिवेंटिव विजिलेंस का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की रोकथाम करना ही नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली में सुधार, प्रक्रियाओं का सरलीकरण तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है। महाप्रबंधक ने अपने उदबोधन में मार्गदर्शन दिया कि रेल्वे के कार्यों में तकनीक का प्रयोग कार्यक्षमता पर प्रभाव एवं लागत को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
संगोष्ठी में अतिथि वक्ता के रूप में अरुण मेहता, भारतीय रेलवे भंडार सेवा, मुख्य भंडार नियंत्रक, कोंकण रेलवे द्वारा सार्वजनिक खरीद प्रणाली एवं उससे जुड़े सतर्कता पहलुओं पर
विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
अपने व्याख्यान में मेहता ने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, समान अवसर, कार्यकुशलता, सार्वजनिक धन का सर्वोत्तम उपयोग तथा जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डाला। निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने तथा अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
संगोष्ठी में अपर महाप्रबंधक, समस्त विभागाध्यक्ष,अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विजिलेंस विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। मण्डल रेल प्रबन्धक एवं डिविजन के अधिकारी विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेमिनार में शामिल हुए।
