छत्तीसगढ़ में कैंसर से उबर चुके मरीजों की देखभाल पर जोर, 49 डॉक्टरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और ECHO India ने संयुक्त पहल शुरू की है। इसके तहत चिकित्सा अधिकारियों के लिए Cancer Survivorship CCB ECHO Program का प्री-लॉन्च और ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 49 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैंसर से उबर चुके मरीजों को नियमित फॉलो-अप और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित करना है।

कैंसर का इलाज पूरा होने के बाद भी मरीजों को उपचार के दुष्प्रभावों के प्रबंधन, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता तथा पुनर्वास की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आठ मॉड्यूल पर आधारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। इससे चिकित्सा अधिकारी मरीजों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और समग्र देखभाल उपलब्ध करा सकेंगे।

कार्यक्रम में NP-NCD के उप संचालक डॉ. संजीव मेश्राम और राज्य सलाहकार अभिलाषा शर्मा ने कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार के बाद नियमित निगरानी के महत्व पर जोर दिया। वहीं, CHIP Foundation के डॉ. शेखर गोवर्धन ने रिसोर्स पर्सन के रूप में योगदान दिया। संस्था इस कार्यक्रम के शैक्षणिक केंद्र के रूप में सहयोग कर रही है। ECHO India की ओर से डॉ. संदीप भल्ला, अनिला गोस्वामी और डॉ. करण राय भी कार्यक्रम में शामिल हुए। यह पहल राज्य में कैंसर से उबर चुके मरीजों के लिए निरंतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।