जांजगीर-चांपा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग ने संयुक्त वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में चांपा के हसदेव पब्लिक स्कूल और सरस्वती स्कूल की 21 बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान पांच बसों में फिटनेस संबंधी खामियां मिलीं। इस पर परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ कुल 25 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बस चालकों और संचालकों को वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने स्कूल बस संचालकों से बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की। जांजगीर-चांपा पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न स्कूलों में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
