बलौदाबाजार। जनदर्शन में एक बुजुर्ग की समस्या का त्वरित समाधान करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्राम डोंगरा निवासी चोवा राम को महज पांच मिनट के भीतर श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। लंबे समय से सुनने में परेशानी झेल रहे चोवा राम ने जनदर्शन में आवेदन देकर अपनी समस्या बताई थी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही विभाग ने बुजुर्ग को श्रवण यंत्र प्रदान कर दिया। सहायता मिलने पर चोवा राम के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से उन्हें ठीक से सुनाई नहीं देता था, लेकिन अब श्रवण यंत्र मिलने से दोबारा आवाजें सुनने की उम्मीद जगी है। समस्या का इतनी जल्दी समाधान होने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई।
जिला प्रशासन दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जनदर्शन में मिलने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर रहा है। इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना तथा जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
