जशपुरनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जशपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में DDHI Program (IIT Madras) के तहत जिला स्तरीय बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (CoERS) की टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण करने तथा iRAD पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने का प्रशिक्षण दिया।
विशेषज्ञ हेमेन्द्र शर्मा और प्रीतम शर्मा ने दुर्घटनाओं के आंकड़े जुटाने, उनके वास्तविक कारणों की पहचान करने और पोर्टल पर समय पर सटीक जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही, आंकड़ों के आधार पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में मिली तकनीकी जानकारी का उपयोग सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के आंकड़ों का सही संकलन और वैज्ञानिक विश्लेषण कर उनके प्रमुख कारणों की पहचान करना जरूरी है, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी सुधार किए जा सकें।
बैठक में पुलिस अधिकारियों सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी सड़क सुरक्षा के लिए तकनीकी संसाधनों के उपयोग और आपसी समन्वय पर चर्चा की। जिले के सभी थानों से एक-एक कर्मचारी और अस्पतालों में iRAD पोर्टल पर दुर्घटनाओं की जानकारी दर्ज करने वाले कर्मचारी भी ऑनलाइन शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन ने आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
