रायपुर। ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जनपद पंचायत धरसींवा के सीईओ आशीष केशरवानी ने माना बस्ती पहुंचकर शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन और तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्यालय में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का काम धीमा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने को कहा।
विद्यालय परिसर में विकसित पोषण वाटिका का निरीक्षण कर सीईओ ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में मदद मिलती है। वहीं, माना बस्ती के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए पंचायत को इन्हें पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण से स्थानीय व प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान पंचायत की आय और राजस्व व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गांव में पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिल सके। इस अवसर पर करारोपण अधिकारी गजेश यदु, सरपंच सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

