कोरिया में बस-बोलेरो की भिड़ंत, एक महिला की मौत; 14 घायलों का अस्पताल में इलाज

Follow Us

कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र में नगर जंगल के पास रविवार को राजहंस बस और बोलेरो नियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 28 वर्षीय महिला रितु की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर लाया गया। घायल गीतांजलि कोल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अन्य घायलों की हालत सामान्य है।

जानकारी के मुताबिक, राजहंस बस रांची से चिरमिरी जा रही थी, जबकि बोलेरो नियो मनेंद्रगढ़ से कुदरगढ़ की ओर जा रही थी। बोलेरो का पंजीयन क्रमांक CG 16 CS 8355 बताया गया है। टक्कर के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों का समुचित और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर कलेक्टर डीडी मंडावी, एसडीएम दीपिका नेताम सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। घायलों में दीपक कोल, सुमन कोल, प्रिया कोल, सुनीता, दीपाली कोल, राधा कोल और मधुबाला सहित अन्य लोग शामिल हैं। अस्पताल में भर्ती एक वर्षीय बच्चे की स्थिति भी सामान्य बताई गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।