धमतरी । दीपावली पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस और चीता स्क्वायड की टीमें शहर के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील इलाकों में सघन पेट्रोलिंग कर रही हैं।पुलिस टीम रामबाग वार्ड, विंध्यवासिनी वार्ड, कोस्टापारा वार्ड, मराठापारा, कुम्हारपारा और गणेश चौक सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर रही है। अड्डेबाजी वाले स्थानों, सुनसान इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य संभावित अपराधों की रोकथाम के साथ शहर में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या आम नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से दीपावली आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
