बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। भाटापारा शहर थाना पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान एक चालक को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा। मामले को न्यायालय में पेश किया गया, जहां 24 अक्टूबर को चालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण के लिए जिले में नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए मामलों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है।
