मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट नकुल ढुल की एंट्री के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण नजर आ रहा है। नियमों के उल्लंघन के चलते नकुल को शो से बाहर किए जाने के बाद घरवालों के बीच मतभेद बढ़ गए हैं। इसी बीच लव गिल और आसिफ खान के बीच तीखी बहस देखने को मिली। दरअसल, नकुल के साथ हुए हाथापाई के मामले पर घर के सदस्य अलग-अलग राय रखते नजर आए। ऐसे में लव ने नकुल से जाकर बातचीत की, जिस पर दूसरे घरवालों ने सवाल उठाए। आसिफ ने लव को समझाया कि उन्हें इस स्थिति में नकुल के साथ बैठकर बात नहीं करनी चाहिए। इस पर लव ने नाराजगी जताई और कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं की है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ गई और आसिफ ने लव को ‘चापलूस’ और ‘गंवार’ तक कह दिया।
इस विवाद का असर लव, स्काउट और यंग डीएसए की दोस्ती पर भी दिखाई दिया। सामने आए प्रोमो में यंग, स्काउट से कहते नजर आए कि उनके हिसाब से लव गलत हैं। वहीं, लव ने अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर उन्हें किसी से बात करनी है, तो वह खुद जाकर बात करेंगी और हर किसी की राय सुनना जरूरी नहीं है। यंग ने जवाब दिया कि वे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इसलिए इस मामले से उनका लेना-देना है। जब यंग ने आसिफ की बात का जिक्र किया, तो स्काउट ने पहले अनजान बनने की कोशिश की, लेकिन बाद में लव का पक्ष लेते हुए कहा कि यह इतना बड़ा मुद्दा नहीं है। दूसरी ओर, लव ने साफ कर दिया कि उन्हें कोई यह नहीं बताएगा कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं। नकुल से जुड़े विवाद के बाद अब घर में रिश्तों और दोस्ती के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
