कवर्धा में फरसा लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, हथियार जब्त

Follow Us

कवर्धा। पीजी कॉलेज मैदान में धारदार फरसा लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदर्श नगर निवासी हाफिस खान (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मैदान में एक व्यक्ति के फरसा लहराने, राहगीरों और वहां मौजूद लोगों से गाली-गलौज करने तथा मारने की धमकी देने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार फरसा बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि जब्त फरसे की लंबाई मुठ सहित करीब 18.5 इंच है। मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 466/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद मामले की विवेचना जारी है।