रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में 10 अक्टूबर को अलग-अलग राजनीतिक दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। भाजपा महिला मोर्चा दोपहर 12 बजे कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगा। वहीं, वोट चोरी के मुद्दे पर INDIA गठबंधन राजीव गांधी चौक पर विरोध जताएगा और इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेगा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकालेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक सांसद पर छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाए। महिला मोर्चा ने इस मुद्दे को लेकर 12 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है।
दूसरी ओर, INDIA गठबंधन की रैली में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग उठाई जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ CPI, CPM, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी और नागरिक संगठनों के शामिल होने की बात कही गई है। गठबंधन की ओर से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे सुभाष स्टेडियम से रैली निकाली जाएगी, जो शास्त्री चौक स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय पहुंचेगी। पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
