दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 8 अक्टूबर को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर द्वारा लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर विभिन्न ब्लॉकों में विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा और पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज कराया और विभिन्न स्थानों पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा, “आज देश के लोकतंत्र और संविधान के सामने गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं की आवाज दबाने की कोशिश कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। लोकतंत्र किसी सरकार की जागीर नहीं है, यह देश के करोड़ों नागरिकों का अधिकार है।”
उन्होंने कहा, “जो लोग संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है। अंग्रेजों के सामने नहीं झुकी, कठिन दौर में नहीं झुकी और आज भी संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।”
वोरा ने कहा कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन संविधान और लोकतंत्र देश की स्थायी ताकत हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद, मंडल एवं वार्ड अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


