महासमुंद। महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के तमोरा क्षेत्र में वन भूमि अतिक्रमण के दौरान आरोपियों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा के साथ मारपीट की तथा उन्हें करीब पांच घंटे तक बंधक बनाए रखा। घटना 6 अक्तूबर की रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस और वन अमले ने मौके पर पहुंचकर दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अवैध शिकार की सूचना पर गश्त
प्राप्त विवरण के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा अन्य कर्मचारियों के साथ तमोरा क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। वन अमले को जंगली सुअर के अवैध शिकार की सूचना मिली थी। गश्त के दौरान लाठी-डंडों से लैस लोगों ने अचानक वन विभाग की टीम को घेर लिया।
आरोपियों ने रेंजर और उपवनक्षेत्रपाल पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के बाद अतिक्रमणकारियों ने अधिकारियों का सामान, पर्स और उपवनक्षेत्रपाल का मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी दोनों अधिकारियों को तमोरा वनखंड स्थित एक मकान में ले गए और वहां उन्हें बंधक बना लिया।
पुलिस और वन अमले की कार्रवाई
आरोपियों ने दोनों अधिकारियों को रात लगभग 7:30 बजे से 12:30 बजे तक करीब पांच घंटे तक मकान में बंद रखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तथा बागबाहरा एवं महासमुंद का वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल और वन अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने दोनों पीड़ित अधिकारियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। यदि समय पर पुलिस बल और वन अमला मौके पर नहीं पहुंचता, तो अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई मारपीट और हमले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की जान तक जा सकती थी। समय पर पहुंचे बल ने गंभीर जनहानि को टाल दिया।

