जैसलमेर । मोहनगढ़ इलाके में सुबह एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने इंदिरा गांधी नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनिरुद्ध सिंह पुत्र शैतान सिंह सोढा, निवासी इंदिरा कॉलोनी, बाड़मेर के रूप में हुई है। अनिरुद्ध सिंह राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल थे और वर्तमान में सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाने में तैनात थे। नहर में कूदने से पहले बनाया वीडियो बताया जा रहा है कि नहर में कूदने से पहले सुबह करीब 8 बजे अनिरुद्ध सिंह ने एक वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा था। वीडियो में उन्होंने ससुराल पक्ष पर पिछले करीब 5 वर्षों से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
वीडियो में उन्होंने पत्नी, ससुर और साले सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साले के ससुर की ओर से उन्हें धमकी दी गई थी कि “तू मर और हमारे रास्ते से हट, नहीं तो पूरे परिवार को झूठे केस में जेल में डलवा देंगे।
वीडियो के बाद परिवार ने किया संपर्क
परिजनों के अनुसार, वीडियो मिलने के बाद उन्होंने अनिरुद्ध सिंह को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उनके भाई ने पुलिस की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई। लोकेशन मोहनगढ़ नहर की मिली।परिजन करीब 9 बजे नहर के पास पहुंचे, जहां अनिरुद्ध सिंह की कार, जूते और मोबाइल फोन मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गोताखोरों की मदद से शव बरामद
सूचना मिलते ही मोहनगढ़ थाना पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। नहर में तलाश शुरू की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अनिरुद्ध सिंह का शव नहर से बाहर निकाला गया।
ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद परिजनों ने मोहनगढ़ थाने में पत्नी और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। शिकायत में मानसिक प्रताड़ना सहित गंभीर आरोप लगाए गए हैं।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो, मोबाइल लोकेशन और परिजनों की शिकायत सहित अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
