कवर्धा-बेमेतरा हाईवे पर पशुओं को देखकर विजय शर्मा नाराज, पेट्रोलिंग को लेकर दिए सख्त निर्देश

Follow Us

रायपुर। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच पशुओं के बैठे मिलने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और अधिकारियों से हाइवे की सुरक्षा व्यवस्था तथा पेट्रोलिंग की जानकारी ली। अधिकारियों से नियमित गश्त किए जाने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को मौके पर बुलाया और अब तक किए गए पशु रेस्क्यू, मार्ग निरीक्षण तथा अन्य गतिविधियों का ब्योरा लिया।

विजय शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि कवर्धा से बेमेतरा के बीच आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों से भी पेट्रोलिंग की जानकारी नियमित रूप से ली जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पशुओं की मौजूदगी से हादसे का खतरा बढ़ जाता है और इसमें वाहन चालकों, यात्रियों के साथ पशुओं की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। रात के समय कम रोशनी और दृश्यता के कारण खतरा और गंभीर हो जाता है। उन्होंने पेट्रोलिंग टीम को लगातार मार्ग की निगरानी करने तथा सड़क पर पशु दिखाई देने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा और गौवंश की सुरक्षा से जुड़े काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और उसे प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि जिम्मेदारी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।