नई दिल्ली। देश में आज 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतदान के बाद 9 अक्टूबर को मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम तथा केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इसके अलावा असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी आज मतदान जारी है।
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर होने वाला उपचुनाव अभिनेता विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है। करीब दो साल पहले गठित हुई TVK ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर राजनीतिक इतिहास रचा था।मदुरंतकम सीट AIADMK विधायक मरगथम कुमारवेल और धारापुरम सीट पी. सत्यभामा के इस्तीफा देकर TVK में शामिल होने के बाद खाली हुई थी। TVK ने उपचुनाव में दोनों नेताओं को ही अपना उम्मीदवार बनाया है। मदुरंतकम में 27 और धारापुरम में 30 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।इन दोनों सीटों पर DMK, AIADMK और CPI ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। ऐसे में TVK के लिए इन सीटों पर जीत हासिल करना बड़ी चुनौती है और नतीजे पार्टी के राजनीतिक प्रभाव का अहम संकेत देंगे।
नंदीग्राम में ममता बनर्जी की साख दांव पर
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है। नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी के विधायक पद से इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी। सुवेंदु अधिकारी ने अप्रैल 2026 में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराया था और नंदीग्राम सीट भी जीती थी, लेकिन बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी।BJP ने नंदीग्राम से हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं TMC ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन दिया है। TMC के विरोधी गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक और CPI ने शांतिगोपाल गिरी को चुनाव मैदान में उतारा है।रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के TMC से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने अपने बेटे गुलाम नबी आजाद को अपनी पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के टिकट पर मैदान में उतारा है। BJP ने सखराव सरकार और CPI(M) ने सैयद असद अली को उम्मीदवार बनाया है। TMC के दोनों गुटों ने भी रेजीनगर से अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
नगांव में कांग्रेस-BJP-AIUDF के बीच मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। यह सीट कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वे अप्रैल 2026 में BJP में शामिल हो गए थे।कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि BJP ने देवाशीष शर्मा को टिकट दिया है। AIUDF अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल भी खुद चुनाव मैदान में हैं।2019 और 2024 में इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जीत दर्ज कर चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस ने सीट बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं BJP और AIUDF की मजबूत चुनौती के कारण नगांव में मुकाबला कांटे का माना जा रहा है।
पुडुचेरी में रंगासामी सरकार की भी परीक्षा
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली NDA सरकार के लिए भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री रंगासामी ने अप्रैल 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज की थी और मुख्यमंत्री बनने के लिए थट्टानचावडी सीट छोड़ दी थी।ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस ने इस सीट से अशोक आनंद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं DMK-कांग्रेस गठबंधन की ओर से ई. विनायगम और के. सेतु सेल्वम चुनाव मैदान में हैं। अब इन सभी सीटों पर हो रहे मतदान के बाद 9 अक्टूबर को आने वाले नतीजे कई दलों और नेताओं के लिए राजनीतिक ताकत का नया आकलन पेश करेंगे।
