दो सप्ताह के भीतर दूसरी महिला पर हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत, भालू और तेंदुए की आवाजाही से बढ़ी चिंता; वन विभाग ने जारी किए दो हेल्पलाइन नंबर
चारामा। क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही और हमले की घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी बीच ग्राम गितपहर में शनिवार, 3 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे एक बुजुर्ग महिला पर तेंदुए के हमले की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि लीला बाई, पति सगराम नेताम, अपने घर में पलंग पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मच्छरदानी उनके बचाव में सहायक बनी। फिलहाल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।
दो सप्ताह पहले भी एक अन्य महिला पर हमले की सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले भी इसी गांव की बरन बाई पर जंगली तेंदूए द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कभी भालू तो कभी तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलती रहती है, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने और रात के समय आवाजाही करने में खतरा महसूस हो रहा है।
छात्राओं से संवाद कर शिक्षा पर दिया जोर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा : बच्चियों ने बताई मन की बात
हल्बा के सेवा सेतु शिविर में भी उठी थी वन्यजीवों की समस्या
ग्राम हल्बा में आयोजित सेवा सेतु मेगा शिविर के दौरान भी ग्रामीणों ने जंगली जानवरों की आवाजाही और उससे उत्पन्न खतरे की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी थी। इसके बाद वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।
जानवरों के लिए जंगल में भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश
जानकारी के अनुसार, वन्यजीवों के लिए जंगलों में भोजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य वन्यजीवों और मानव आबादी के बीच बढ़ते टकराव को कम करने की दिशा में प्रयास करना है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों को सतर्क करने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।
विभाग ने वन्यजीवों की सूचना देने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
रहवासी क्षेत्रों में जंगली जानवरों के प्रवेश की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की ओर से सूचना देने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। ग्रामीण 90988 39898 और 74890 10658 पर संपर्क कर अपने क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी या आवाजाही की जानकारी विभाग को दे सकते हैं। इन नंबरों के माध्यम से समय रहते सूचना मिलने पर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।
वन विभाग की सक्रियता को लेकर सवाल
इस बीच, सूत्रों के हवाले से वन्यजीवों से जुड़ी गतिविधियों के मामले में चारामा रेंजर की सक्रियता को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में विभागीय पक्ष और आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, बुजुर्ग महिला पर हुए हमले की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाने के साथ ही जंगली जानवरों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
ग्रामीण जंगली जानवर दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने, उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
