सेवा संकल्प अभियान की प्रांतीय समीक्षा बैठक, भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर किया मंथन

Follow Us

रायपुर। भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में रविवार को सेवा संकल्प अभियान की प्रांतीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें अब तक आयोजित गतिविधियों की जानकारी ली गई और आगे के कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार 17 सितंबर को हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रदेशभर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की भागीदारी रही और इसे अभियान की महत्वपूर्ण शुरुआत के रूप में देखा गया।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन की गतिविधियों का आधार लोगों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य करना है। उन्होंने कोरोना काल के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सहायता कार्यों का उल्लेख किया और 2028 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की बात कही। महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अभियान के जरिए परिवारों, युवाओं, महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बढ़ाने की जानकारी दी। झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने भाजपा की संगठनात्मक संरचना और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बात रखी। वहीं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन ने अब तक हुए कार्यक्रमों के आंकड़े साझा किए। उनके मुताबिक ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत प्रदेश में करीब दो करोड़ दीप जलाए गए। ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम 46,441 विद्यालयों में हुआ, जिसमें 32 लाख 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 31,066 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन हुआ और 13,01,116 लोग इसमें शामिल हुए, जबकि 1,31,602 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा के दौरान दो लाख से अधिक लाभार्थियों से संपर्क किए जाने की जानकारी दी गई।

आगामी कार्यक्रमों में 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा को लेकर भी बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने बताया कि यात्रा प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ निकाली जाएगी। इसके लिए शक्तिकेंद्रों और मंडल मुख्यालयों से विधानसभा केंद्र तक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए ज्योति कलश रथ भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है। विधानसभा केंद्रों पर प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के प्रसारण के लिए एलईडी मंच और स्थान तय किए जा रहे हैं। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, कोर कमेटी के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, जिला प्रभारी तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।