रायपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से जनजागरूकता, नशामुक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाने के लिए 2 और 3 अक्टूबर को शहर में दो स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। त्रिमूर्ति नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास और राजीव गांधी वार्ड के साहू पारा में हुए कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों को सामाजिक मुद्दों और जागरूकता से जुड़े संदेश दिए गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘नमो सेवा गाथा—एक मुखिया की कहानी, 2001 से 2026 तक’ विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाई। आयोजन में करीब 19 जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें पार्षद महेंद्र खोडियार, एल्डरमैन गोपाल, मंडल महामंत्री संजय शर्मा और भगवान यादव, महिला मंडल अध्यक्ष ज्योति यदु, मंडल मंत्री उमा यादव और दीपेश निर्मलकर, मंत्री मेहर साहू, उपाध्यक्ष केदार यादव, मीडिया प्रभारी मोहित बाग, जिला कार्यकारिणी सदस्य गोपाल ठाकरे, युवा मोर्चा अध्यक्ष कन्हैया बाग, अनुसूचित जाति जिला महामंत्री जीतू सागर, महिला मोर्चा से उमा मिश्रा और रेखा साहू तथा छत्तीसगढ़ फिल्म बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
आयोजन में करीब 290 नागरिकों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। लोगों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रस्तुत सामाजिक और जनजागरूकता संबंधी संदेशों को देखा और सराहा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना रहा।
