रामनगर ज्वेलर्स में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 14.51 लाख का सामान बरामद

Follow Us

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में विशाल सचदेव को मुख्य आरोपी बताया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले ज्वेलर्स दुकान की रेकी की थी। 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में छेद किया गया, लेकिन इसके बाद वे वहां से चले गए। फिर 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर छेद को बड़ा किया और दुकान के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी चोरी की और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार और एक्टिवा भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।