बाली हादसे के बाद मुंबई में नुसरत भरूचा का इलाज जारी, करीबी ने बताया सेहत में सुधार

Follow Us

मुंबई। अभिनेत्री नुसरत भरूचा के बाली में हादसे का शिकार होने के बाद अब मुंबई में इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके चलते उन्हें बैठने और खड़े होने में परेशानी हो रही है। बाली के अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया। उनकी टीम के अनुसार, अभिनेत्री की स्पाइन सर्जरी की जानी है। मुंबई पहुंचने के दौरान उनकी मां, परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त उनके साथ मौजूद थे।

नुसरत की सेहत को लेकर उनके एक करीबी ने बताया कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह नुसरत की मां के संपर्क में हैं और लगातार स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं। अभिनेत्री इंडोनेशिया के बाली में काम के सिलसिले में गई थीं और उन्होंने वहां अपना ठहराव बढ़ा दिया था। करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर बाली की कुछ तस्वीरें भी साझा की थीं, जिनमें वह छुट्टियां बिताती नजर आई थीं। इसके बाद 1 अक्टूबर को उनके हादसे की खबर सामने आई।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक नुसरत जल्द अभिनेता टाइगर श्रॉफ के साथ एक फिल्म में नजर आ सकती हैं। दोनों पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करते दिखाई देंगे। फिल्म में नुसरत के किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार उनका रोल कहानी में अहम भूमिका निभाएगा और सिर्फ पारंपरिक फीमेल को-लीड तक सीमित नहीं होगा।