ऑनलाइन अटेंडेंस लगाकर स्कूल नहीं आने वाले हेडमास्टर हुए निलंबित

Follow Us

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला अंगवाही के प्रधान पाठक सुशील कुमार तिवारी को जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधान पाठक स्कूल परिसर में प्रवेश किए बिना गेट के बाहर से मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर वापस लौट जाते हैं। इसके अलावा स्कूल आने के दौरान शराब के नशे में रहने का भी आरोप लगाया गया था।

शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोनहत ने की। 21 अगस्त 2026 को प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में शिकायत के तथ्य सही पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद डीईओ ने 21 और 27 अगस्त को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया।जवाब नहीं देने और पदीय दायित्वों में लापरवाही को गंभीर मानते हुए डीईओ ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय सोनहत निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।