धरसीवां सेवा सदन में उमड़ा जनसैलाब, 5 हजार से अधिक लोगों ने लिया शिविर का लाभ

Follow Us

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत धरसीवां विकासखंड स्थित सेवा सदन कार्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 5 हजार से अधिक नागरिक शामिल हुए। विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया। शिविर में 1,600 नागरिकों को स्वामित्व पट्टे वितरित किए गए। वहीं श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों के खातों में 84 लाख रुपये DBT के माध्यम से अंतरित किए गए।

1,500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य विभाग के नि:शुल्क शिविर में 1,500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंदों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी दी गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चयनित 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। जनपद पंचायत धरसीवां के माध्यम से 400 शौचालय, 100 प्रधानमंत्री आवास और 400 लखपति दीदी से संबंधित योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।

दो महिलाओं को मिले पिंक ऑटो महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के तहत विधायक अनुज शर्मा की उपस्थिति में ग्राम दोंदेखुर्द की सरिता साहू और ग्राम बरौदा की गायत्री वर्मा को पिंक ऑटो प्रदान किए गए। पिंक ऑटो मिलने से दोनों महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की। नागरिकों ने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई सेवाओं और योजनाओं का लाभ लिया।