रायपुर। फाफाडीह में साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर एक महिला से करीब 15 तोला यानी 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए नकद ठग लिए। आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग समय में जेवर लिए और घटना की जानकारी किसी को देने पर परिवार में अनहोनी होने की धमकी दी। गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी नैना से मार्च 2026 में तीन साधुओं ने संपर्क किया था। इनमें से एक आरोपी ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताईं, जो सही निकलीं। इससे महिला को आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का दावा किया। पहली बार आरोपी करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए ले गया। करीब 10-12 दिन बाद पांच ग्राम की चेन ली गई।
अभनपुर जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की कवायद, 9 सदस्यों ने दिया आवेदन
इसके बाद आरोपी अलग-अलग समय पर महिला के घर पहुंचते रहे और पूजा के नाम पर जेवर लेते रहे। इस तरह करीब 150 ग्राम सोना आरोपियों के पास पहुंच गया। अनहोनी का डर दिखाकर रखा चुप पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को धमकाया कि जेवर देने की बात किसी को बताने पर परिवार में मौत या कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी। 7 सितंबर से आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर जेवर और नकदी की मांग किए जाने पर महिला को ठगी का संदेह हुआ।
25 सितंबर की रात महिला ने पति जसवंत परमार को पूरी घटना बताई। इसके बाद गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस महिला के पास आए फोन कॉल और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
