सनसनीखेज वारदात : मंदिर परिसर में 2 सेवादारों के शव मिलने से हड़कंप, हत्या के बाद शव जलाए

Follow Us

शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में बृहस्पतिवार सुबह प्राचीन मंदिर परिसर में दो सेवादारों के जले हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की हत्या के बाद शवों को जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।मृतकों की पहचान मंदिर के सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों मंदिर परिसर में ही रहते थे और धार्मिक कार्यों में सेवा करते थे।

सुबह ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो परिसर में दोनों के शव पड़े मिले। दोनों शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर थे और बुरी तरह जले हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही एसपी सौरभ दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मंदिर की जमीन पर कब्जे की आशंका
एसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया देवस्थान की जमीन पर कब्जे की नीयत से वारदात किए जाने की आशंका है। पुलिस को गांव के रहने वाले सुमित सिंह पर शक है और उसकी तलाश की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सुमित कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था और कथित तौर पर दोनों सेवादारों पर मंदिर छोड़ने का दबाव बना रहा था।पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस संदिग्ध की तलाश के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।