प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष को समर्पित रहा सेवा संकल्प अभियान

Follow Us

o भाटापारा के विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल हुए शिवरतन शर्मा

भाटापारा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को समर्पित, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विकासखंड स्तरीय “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को भाटापारा विकासखंड के मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक एवं भाटापारा क्षेत्र के लोकप्रिय नेता शिवरतन शर्मा शामिल हुए। विकासखंड एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनका पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया।

माँ सरस्वती की वंदना और विषयों का चयन:
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी: गंभीर चोटों के बावजूद कैसे टाला बड़ा विमान हादसा

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता के लिए अत्यंत प्रासंगिक और प्रेरणादायी संकेत विषय निर्धारित किए गए थे, जिस पर बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपने विचार रखे।
चित्रकला प्रतियोगिता के लिए विषय थे –
1. मेरा सपना – विकसित छत्तीसगढ़
2. स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत
3. सेवा संकल्प अभियान – जन-जन का अभियान
भाषण प्रतियोगिता के लिए विषय थे –
1. स्वस्थ समाज, समृद्ध छत्तीसगढ़
2. शिक्षा से बदलती दुनिया
3. मेरा कर्तव्य – विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़

रंगों और शब्दों में गढ़ा विकसित भारत का सपना:
बच्चों ने अपनी अद्भुत रचनात्मकता का परिचय दिया। चित्रकला में जहाँ बच्चों ने स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के अपने सपनों को रंगों के माध्यम उतारा, वहीं भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने धारा प्रवाह हिंदी और अंग्रेजी में बताया कि शिक्षा कैसे दुनिया बदल सकती है और विकसित भारत के निर्माण में एक विद्यार्थी के तौर पर उनका क्या कर्तव्य है। बच्चों का आत्मविश्वास, उनकी स्पष्टवादिता और राष्ट्र के प्रति प्रेम देखकर उपस्थित सभी जन अभिभूत हो गए।

सीजीपीएससी मुख्य परीक्षा की कॉपियों की दोबारा जांच नहीं, हाईकोर्ट ने याचिकाएं की खारिज

शिवरतन शर्मा- 25 वर्ष की तपस्या से बना राष्ट्र प्रथम का मंत्र
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में शिवरतन शर्मा ने कहा की आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का दिन है। 7 अक्टूबर 2001 को जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब उन्होंने जनसेवा की एक नई परिभाषा लिखनी शुरू की थी। आज 25 वर्ष बाद वही निष्काम सेवा यात्रा ‘राष्ट्र प्रथम’ के विराट संकल्प में बदलकर पूरे विश्व को दिशा दे रही है। ये 25 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा,सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, यह जन-जन का अभियान है। प्रधानमंत्री जी के ‘सेवा और राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को हमारे नौनिहाल जिस उत्साह और समर्पण से आत्मसात कर रहे हैं, वही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज भाटापारा के बच्चों ने यह साबित कर दिया कि आने वाले 25 वर्षों में विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का नेतृत्व यही बच्चे करेंगे। शर्मा ने सभी प्रतिभागी बच्चों एवं उपस्थित बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कांकेर में वोटर लिस्ट को लेकर एएपी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

इस अवसर पर राकेश तिवारी, सुनील यदु, सविता अनंत, भोला वर्मा, महाबल बघेल, पवन वर्मा, मनिंदर गुम्बर, डब्लू ठाकुर, रोहित साहू, द्वारका वर्मा, हारून खान, नितिन भोजवानी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी,विकासखंड स्रोत समन्वयक, विद्यालय के संचालक, प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, अभिभावकगण, अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।