अमित शाह के साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्री की महानदी जल विवाद को लेकर बैठक

Follow Us

0 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर

रायपुर । अर्नब साइक्लोन और डीप डिप्रेशन के कारण हुई लगातार बारिश ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के महानदी क्षेत्र के इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी। बारिश के कारण पूरे राज्य की स्थिति गंभीर हुई. हजारों लोगों को घर छोड़कर जाना पड़ा। अभी तक पूर्ण आकलन नहीं हुआ है लेकिन किसानों को बड़ी फसल क्षति हुई है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में इस भयंकर बाढ़ और हुए नुकसान को लेकर दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की बैठक है। बैठक में महानदी जल विवाद के साथ ही पानी के समुचित प्रबंधन और बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर रणनीति पर चर्चा होगी।

दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर सीएम साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव दो दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंच गए हैं। इससे पहले महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा था कि जल्द ही इस मामले का निपटारा किया जाएगा और इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री ने चर्चा भी की है।

महानदी जल विवाद को लेकर महत्वपूर्ण बैठक
महानदी जल विवाद के निपटारे को लेकर 30 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्री की एक बैठक दिल्ली में हुई थी, जिसमें जल्द ही इस मामले की निपटारी की बात कही गई थी। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों मुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाया है। महानदी जल विवाद को लेकर आज की होने वाली बैठक काफी अहम और महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

20 सितम्बर को ओडिसा सीएम ने कहा निकलेगा हल
20 सितम्बर को ओडिसा दौरे पर गए छत्तसीगढ़ के सीएम साय ने ओडिशा के सीएम से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि महानदी जल विवाद का निपटारा जल्द होगा। मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद के संबंध में कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण बना है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा, दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से इस विषय का बहुत जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।

मामले का हल निकालेंगे -साय
सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के बीच अनेक साझा विषय और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। आपसी संवाद और सहयोग को और मजबूत करते हुए इन संभावनाओं को दोनों राज्यों की जनता के हित में आगे बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री माझी से सकारात्मक चर्चा हुई, दोनो राज्य जल्द ही इस मामले का हल निकाल लेंगे।

दोनों राज्यों के पक्षों की होगी चर्चा
दिल्ली उड़ान भरने से पहले सीएम साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ आज महानदी के विषय पर बैठक हैं। जिसमें महानदी के जल के बंटवारे और प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर दोनों राज्यों के पक्षों पर चर्चा होगी। बैठक में ओडि़सा के सीएम मांझी समेत दोनों राज्यों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। आपको बता दे कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ओडि़सा दौरे पर थे जहां महानदी विवाद पर चर्चा हुई थी और सहमति बनी थी।