सेवा संकल्प अभियान: आरंग में ‘सेवा सेतु कैंप एक ही जगह मिली खाद्य योजनाओं की जानकारी और सेवाएं

Follow Us

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका आरंग के टाउन हॉल में ‘सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में नागरिकों और हितग्राहियों को खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ राशन कार्ड से जुड़ी आवश्यक सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई गईं। कैंप में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना, राशन कार्ड की पात्रता और शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग की कार्रवाई की गई। हितग्राहियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य योजना के तहत नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने मौके पर नागरिकों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम ने कैंप का निरीक्षण कर हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने राशन वितरण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्थाओं और ई-केवाईसी की स्थिति की जानकारी लेते हुए योजनाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया। डॉ. आलम ने खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा एवं खाद्य निरीक्षकों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने मैदानी स्तर की समस्याओं के त्वरित निराकरण और हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं खाद्यान्न से जुड़ी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कैंप में नागरिकों को खाद्य योजनाओं की जानकारी के साथ राशन कार्ड से संबंधित कई जरूरी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं।