नाबालिग लड़की ने की चौकीदार की हत्या, दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

Follow Us

सूरजपुर। जिले के महुआपारा में 65 वर्षीय चौकीदार की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग ने आरोप लगाया कि चौकीदार ने आधी रात उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। इसके बाद उसने सब्बल से सिर पर वार करने और ब्लेड से गला काटने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, महुआपारा में एक निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा के लिए 65 वर्षीय सीताराम गोंड़ को चौकीदार रखा गया था। नाबालिग कुछ दिन पहले काम के सिलसिले में सूरजपुर आई थी और सीताराम को मुंहबोला बाबा मानती थी। वह निर्माणाधीन मकान में उसके साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की रात दोनों ने खाना खाने के बाद आराम किया। अगले दिन सुबह मजदूरों के पहुंचने पर सीताराम खून से लथपथ हालत में मिला। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने दुष्कर्म के आरोप के बाद हमला करने की बात बताई। नाबालिग को विधि के अनुसार कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और नाबालिग के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। दुष्कर्म के आरोपों की भी जांच की जा रही है।