नई दिल्ली । बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के बाद बर्बरता से हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरिंदगी की इस वारदात को किशोरी के कथित प्रेमी ने अपने तीन नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस की शिकायत के डर से आरोपियों ने किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। दिल्ली पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध टेंपो के जरिए इस खौफनाक वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी और तीन नाबालिगों को दबोच लिया है।
खुले मैदान में मिला था नोंचा हुआ शव, पहचान में आई मुश्किल
वारदात का खुलासा 13 सितंबर की सुबह तब हुआ, जब स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के खुले मैदान में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में था और जंगली जानवरों ने उसे बुरी तरह नोंच खाया था। चेहरे और शरीर की हालत देखकर शुरुआत में पुलिस ने उसे किसी वयस्क महिला का शव समझा था। क्राइम और फोरेंसिक टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बाद में जब परिजनों ने पहचान की, तब यह खुलासा हुआ कि मृतका महज एक नाबालिग किशोरी थी।
50 कैमरों की फुटेज और एक संदिग्ध टेंपो से खुला राज
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सभी रास्तों की पड़ताल शुरू की। अंधेरा होने के बावजूद 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने पर एक संदिग्ध टेंपो की हलचल नजर आई। नंबर प्लेट साफ न दिखने पर पुलिस ने अलग-अलग चौराहों के कैमरों को जोड़कर टेंपो का पूरा रूट ट्रैक किया। आखिरकार 15 सितंबर की रात यह टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिल गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद पूरे हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं।
शराब पार्टी के बाद हैवानियत, फिर भेद खुलने के डर से कत्ल
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मृतका का कथित प्रेमी था। वारदात वाली रात उसने अपने दोस्तों के साथ पहले जमकर शराब पी। इसके बाद चारों ने मिलकर सुनसान इलाके में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हैवानियत के बाद आरोपियों को डर सताने लगा कि किशोरी घर जाकर परिजनों या पुलिस से इसकी शिकायत कर देगी। इसी खौफ में उन्होंने चाकू निकालकर किशोरी पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे तड़प-तड़प कर मरने के लिए खुले मैदान में फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और टेंपो को जब्त कर लिया है।
