समंदर के ऊपर ट्रेन का रोमांचक सफर, पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है पंबन रेल पुल

Follow Us

नई दिल्ली। अगर आप ऐसी जगह घूमने की योजना बना रहे हैं, जहां सफर के दौरान चारों ओर समुद्र का खूबसूरत नजारा दिखाई दे, तो तमिलनाडु का पंबन रेल पुल एक खास विकल्प हो सकता है। रामनाथपुरम जिले में मंडपम और पंबन द्वीप पर स्थित रामेश्वरम के बीच समुद्र पर बना यह पुल अपने अनोखे निर्माण और रोमांचक सफर के लिए जाना जाता है। करीब 2.2 किलोमीटर लंबे इस समुद्री रेल पुल से ट्रेन गुजरते समय यात्रियों को नीचे समुद्र और आसपास का मनोरम दृश्य देखने को मिलता है। पुल का बीच वाला हिस्सा जहाजों के आवागमन के लिए ऊपर उठाया जा सकता है, जो इसे और भी खास बनाता है।

पंबन पुल का निर्माण ब्रिटिश काल में वर्ष 1914 में किया गया था। इसे व्यापार और आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया था। पुराने पुल पर ट्रेन की गति करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि नए पुल पर ट्रेनों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रखी गई है। पहले जहाजों को रास्ता देने के लिए पुल को मैन्युअल तरीके से खोला जाता था, लेकिन अब आधुनिक हाइड्रोलिक और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। समुद्र, रेलवे और इंजीनियरिंग का अनोखा मेल होने के कारण पंबन रेल पुल पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।