मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम से मिले राहुल और प्रियंका गांधी, नाश्ते पर हुई बातचीत

Follow Us

नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात नाश्ते के दौरान हुई।कांग्रेस ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं। पार्टी ने पोस्ट में बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने नई दिल्ली में मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम से नाश्ते पर मुलाकात की।

ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए अनवर इब्राहिम
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने शनिवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ विषय पर आयोजित सत्र में हिस्सा लिया।उन्होंने ब्रिक्स देशों के अन्य नेताओं के साथ नई दिल्ली में पौधरोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। शनिवार शाम को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में भी शामिल हुए।ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

मोदी-अनवर बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच हुई बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।इस दौरान अनवर इब्राहिम ने मलेशिया के सबाह प्रांत के कोटा किनाबालू में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थापित करने पर मलेशिया की सहमति की जानकारी भी दी।विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने अनवर इब्राहिम का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की।

पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग, 7-8 राउंड गोलियां चली; पहले जान से मारने की मिली थी धमकी

दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई।दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान के बीच संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के लगातार सहयोग की सराहना की।

केरल भी जाएंगे अनवर इब्राहिम
नई दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री केरल जाने वाले हैं। वहां उनकी भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात प्रस्तावित है।अनवर इब्राहिम ने ‘एक्स’ पर बताया कि उनकी भारत यात्रा के कार्यक्रम में केरल जाकर भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।भारत दौरा पूरा करने के बाद अनवर इब्राहिम मालदीव की राजधानी माले जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर होगी और उन्हें उम्मीद है कि इससे दोनों देशों के लोगों को वास्तविक लाभ मिलेगा।