रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर अभी बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बस्तर के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणाली और मानसून द्रोणिका की स्थिति के कारण शनिवार को रायपुर समेत कई इलाकों में रुक-रुककर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मौजूदा सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ सोमवार से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। सितंबर के पहले 12 दिनों में प्रदेश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हुईं, जिनके असर से राज्य में करीब 84 मिमी तथा रायपुर जिले में 97.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौजूदा सिस्टम का प्रभाव बस्तर क्षेत्र में सबसे ज्यादा रहा, लेकिन रायपुर और दुर्ग संभाग में भी इसका असर देखने को मिला। शनिवार रात हुई बारिश के बाद सुबह कुछ समय मौसम खुला रहा, फिर अचानक आसमान में घने बादल छा गए और अलग-अलग इलाकों में हल्की से तेज बारिश होने लगी।
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार कोंडागांव के धनोरा में 140 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जबकि बस्तर में 100 मिमी बारिश हुई। माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में 80-80 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई स्थानों पर लगभग 70-70 मिमी बारिश दर्ज हुई। राजधानी रायपुर में शाम 5:30 बजे तक करीब 2 सेंटीमीटर पानी बरसा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, लेकिन द्रोणिका सामान्य स्थिति में रहने से बारिश पूरी तरह थमने की संभावना नहीं है। पिछले वर्ष सितंबर में रायपुर जिले में 284 मिमी बारिश दर्ज हुई थी और इस बार भी आंकड़ा इसके आसपास रहने का अनुमान है।
