कोरबा। दीपका बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय छात्र दिलीप कंवर की जलने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन छात्र जिस कमरे में था, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे से धुआं निकलता देखकर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां दिलीप गंभीर रूप से जली हालत में मिला। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे दिलीप की बड़ी मां छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर नीचे कमरे से निकल रहे धुएं पर पड़ी। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर छात्र को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान कमरे से माचिस और ऑयल पेंट मिलने की बात सामने आई है। आग कैसे लगी, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। घटना को लेकर मोबाइल फोन फटने और आत्महत्या जैसी अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जाता है कि दिलीप आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि सप्लीमेंट्री परीक्षा पास करने के बाद उसने करीब तीन दिन पहले ही दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। कुछ दिनों बाद उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा होनी थी और वह इसकी तैयारी कर रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

