20 लाख की नशीली दवाएं जब्त, पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में एसीसीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4,750 प्रतिबंधित प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट बरामद की गई हैं। पुलिस ने जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये और वजन लगभग ढाई किलोग्राम बताया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने बेटे मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने उग्रसेन के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां बड़ी मात्रा में कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी इन दवाओं को रखने या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा चिकित्सकीय पर्चा प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दवाएं जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुराने मामले में जेल जा चुका है मुकेश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मुकेश कुमार लोनिया (30) के खिलाफ पहले भी नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज हो चुका है और वह जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

BREAKIMG NEWS : युवाओं को बना रहा था मुजाहिद, आजमगढ़ से अलकायदा का आतंकी गिरफ्तार, UP ATS ने ऐसे किया पर्दाफाश

सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं आरोपियों तक कहां से पहुंचीं और इन्हें किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। जांच के तहत संभावित सप्लायर और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस एंड-टू-एंड विवेचना के जरिए दवाओं के स्रोत से लेकर अंतिम सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।