कोरबा। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाई गई एक रील को लेकर कोरबा में पुलिस ने कार्रवाई की है। मामला कोतवाली थाना परिसर का है, जहां सीतामढ़ी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही उषा मिश्रा ने फिल्मी गाने ‘आज जेल होई, कल बेल होई’ पर डांस करते हुए वीडियो बनाया। 11 सितंबर की शाम इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच फैल गया। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले का संज्ञान लिया गया और महिला के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर महिला के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने भी इसकी पुष्टि की है। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद महिला ने एक अन्य वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसने कहा कि रील बनाने का उद्देश्य केवल मनोरंजन था और उसका किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि करने का इरादा नहीं था। थाना परिसर में बनाए गए इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और महिला की माफी दोनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
