दुर्ग। बोरी थाना क्षेत्र के मोहंदी गांव में शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके दो युवक अचानक बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में मोहंदी निवासी 30 वर्षीय गजराज साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल का उपचार दुर्ग जिला अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
बताया गया कि दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर मोहंदी मोड़ के पास दोनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना में गजराज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा युवक राजनांदगांव निवासी बताया जा रहा है, जिसे पहले उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में मर्ग कायम किया। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। बोरी थाना प्रभारी भीषेण पिस्दा के मुताबिक बिजली गिरने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल युवक को अस्पताल भेजा गया। मामले में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना की जा रही है।
