ईरान । ईरान ने अपने कामीकेज ड्रोन्स के बेड़े की झलक दुनिया को दिखाई है। ईरान ने इसे मिसाइल-ड्रोन्स का शहर बताया। इस बेड़े में खतरनाक कामीकेज ड्रोन्स भी दिख रहे हैं, जिनकी मदद से ईरान आसानी से पूरी दुनिया में तेल आपूर्ति बाधित कर सकता है। ईरान की सेना ने गुरुवार को अपने आत्मघाती ड्रोन्स के बेड़े की झलक दिखाई, जिनके दम पर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बाधित करने की योजना बना रहा है। ईरान के सरकारी टीवी ने एक भूमिगत परिसर के अंदर फिल्माए गए फुटेज जारी किए। इस भूमिगत परिसर को ईरानी अधिकारी मिसाइल शहर बता रहे हैं।
क्यों खतरनाक हैं ईरान के ये ड्रोन?
ईरान ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें बड़ी संख्या में नौसैनिक ड्रोन, जहाज रोधी मिसाइलें दिखाई दे रही हैं। अतिरिक्त फुटेज में कुछ हथियारों को दागते हुए भी दिखाया गया है। हालांकि ये साफ नहीं है कि ये रिकॉर्डिंग कब की है। वीडियो में दिख रहा है कि भूमिगत सुरंग में नौसेना के ड्रोन, जिन्हें यूएसवी भी कहा जाता है, बड़ी संख्या में हैं। गौरतलब है कि ये ड्रोन पहले से ही फारस की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हमले कर रहे हैं, जिससे होर्मुज में रणनीतिक रूप से अहम शिपिंग मार्ग आंशिक रूप से बाधित चल रहा है। ये छोटे यान पानी की सतह पर या पानी के नीचे चलते हैं। ये विस्फोटक से भरे होते हैं और तेल टैंकरों से टकराते ही फट जाते हैं।
