कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 स्थित शांति बस्ती में पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश डोंगरे (40) का अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) से घर बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने सीमेंट के डम्बल से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि बंधन कुंवर आरोपी की दूसरी पत्नी थी और दोनों घर में अकेले रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में घर बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा हत्या की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

