जशपुर। जिले के तपकरा वन परिक्षेत्र में करीब 30 हाथियों के दल ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से हाथियों का झुंड तपकरा के जंगलों में मौजूद है। शाम होते ही भोजन की तलाश में हाथी जंगल से निकलकर आसपास के गांवों की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे कई गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।
हाथियों का दल जमुना, साजबहार, बाम्हनमारा, बाघियाकानी, बरकसपाली और बलुवाबहार समेत आसपास के गांवों में पहुंचकर धान की फसलों को रौंद रहा है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। हाथियों ने दो मकानों को भी क्षतिग्रस्त किया है और घरों में रखा अनाज खा लिया। लगातार हो रही आवाजाही के कारण ग्रामीण रात में घरों और खेतों की निगरानी करने के लिए मजबूर हैं। शाम होते ही लोग हाथियों के गांव की ओर आने की आशंका को देखते हुए सतर्क हो जाते हैं।
बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, नक्सलियों का हथियारों का जखीरा मिला
वन विभाग की टीम हाथी प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में जाने से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। प्रमुख रास्तों पर बैनर लगाकर लोगों को सावधान किया जा रहा है, वहीं कोटवारों के जरिए गांवों में मुनादी कराकर हाथियों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वन विभाग के कर्मचारी प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दे रहे हैं और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दे रहे हैं। हाथियों के लगातार क्षेत्र में बने रहने को देखते हुए विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। मामला तपकरा वन परिक्षेत्र का है।
