‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर पकड़ी रफ्तार, ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़ क्लब के करीब

Follow Us

मुंबई। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के स्पिन-ऑफ ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज के साथ ही शानदार शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दो दिनों में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। पुराने और चर्चित किरदारों की वापसी वाली इस फिल्म ने शुक्रवार को 24.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग की, जबकि शनिवार को कमाई में और तेजी देखने को मिली।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे दिन फिल्म ने करीब 31 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही दो दिनों में भारत में इसकी कुल कमाई 56 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। फिल्म के कलेक्शन में हिंदी वर्जन की बड़ी भूमिका रही, जिसने करीब 30.75 करोड़ रुपये की कमाई की। पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना त्रिपाठी जैसे लोकप्रिय किरदारों ने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा है। अमेजन एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्ण ने लिखी है। इसके निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं।

वहीं, विशाल चर्तुवेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। छोटे बजट की इस फिल्म ने रिलीज के 30वें दिन भी शानदार कमाई दर्ज की। सैकनिल्क के मुताबिक, 30वें दिन फिल्म ने देशभर में करीब 16.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ भारत में इसका कुल कलेक्शन लगभग 99 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। ‘हनुमान अंश’ अब 100 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश करने से महज एक कदम दूर है। फिल्म की लगातार बनी हुई रफ्तार ने इसे बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी सफलता के रूप में स्थापित कर दिया है।