दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी में शिवनाथ नदी में पिकनिक के दौरान तेज बहाव में बहे युवक का शव दो दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। युवक नदी किनारे बर्तन धो रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया।
जानकारी के मुताबिक, 6 सितंबर की शाम तीन युवक गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान खुर्सीपार, भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32), पिता मुरली महोबिया, नदी किनारे बर्तन धो रहा था। अचानक पैर फिसलने के बाद वह गहरे पानी में जा गिरा और तेज बहाव में लापता हो गया। सूचना मिलते ही SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और मुश्किल परिस्थितियों के बीच टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
दो दिन तक चला सर्च ऑपरेशन: SDRF की टीम ने 6 और 7 सितंबर को लगातार दो दिनों तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया। जवानों ने मोटर बोट और बचाव उपकरणों की सहायता से जोखिम के बीच युवक की तलाश की। आखिरकार टीम को युवक का शव बरामद करने में सफलता मिली। शव को नदी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
बरसात में सावधानी बरतने की अपील: घटना के बाद प्रशासन और नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने लोगों से मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि उफनती नदियों, जलाशयों और गहरे पानी वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। बारिश के मौसम में नदी और जलाशयों का जलस्तर व बहाव अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
