दुर्ग की बदहाल व्यवस्थाओं पर वोरा का हमला, नए आयुक्त से कहा-तत्काल करें निराकरण

Follow Us

दुर्ग। आगामी गणेश उत्सव एवं नवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने नगर पालिक निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ती है, ऐसे में सड़क, प्रकाश, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं बेहतर होना जरूरी है।

वोरा ने शहर की बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नए पोल लगाकर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष रूप से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि पर्वों के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो।

महिला एशिया कप में ट्रॉफी विवाद की आशंका, फाइनल में पहुंच सकते हैं नकवी

उन्होंने जेल तिराहा से पोटिया तथा महाराजा चौक से बोरसी मार्ग पर चल रहे पाइपलाइन कार्य को लेकर भी चिंता जताई। वोरा ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की फिलिंग और समतलीकरण सही तरीके से नहीं होने के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित एजेंसी से गुणवत्तापूर्ण फिलिंग कर सड़क को जल्द व्यवस्थित करने की मांग की। पूर्व विधायक ने शिक्षा उपकर के रूप में टैक्स से प्राप्त राशि का उपयोग सरकारी स्कूलों के सुधार एवं मरम्मत कार्यों में करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन, छत, फर्श, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं।

वोरा ने नगर निगम क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों को भी शीघ्र शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के टेंडर लंबित हैं, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाए, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके। जलसंकट को लेकर उन्होंने कहा कि शहर के जलसंकट प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर अभी से कार्ययोजना बनाई जाए और पाइपलाइन, टंकी, बोर सहित आवश्यक संसाधनों के माध्यम से समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

सुपरहीरो बने ट्रंप: बॉर्डर वॉल के साथ व्हाइट हाउस ने जारी किया खास वीडियो

इसके साथ ही उन्होंने उरला, बोरसी सहित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में रह रहे लोगों की समस्याओं का भी तत्काल निराकरण करने की मांग की। वोरा ने कहा कि कई स्थानों पर सफाई, पेयजल और जर्जर भवनों की समस्या बनी हुई है। निगम द्वारा स्थल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। अरुण वोरा ने निगम आयुक्त से सभी विषयों को जनहित एवं आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।